फेडरिक एडवर्ड क्लेमेंट्स

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ
लेख सूचना
फेडरिक एडवर्ड क्लेमेंट्स
पुस्तक नाम हिन्दी विश्वकोश खण्ड 3
पृष्ठ संख्या 241
भाषा हिन्दी देवनागरी
संपादक सुधाकर पांडेय
प्रकाशक नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी
मुद्रक नागरी मुद्रण वाराणसी
संस्करण सन्‌ 1976 ईसवी
उपलब्ध भारतडिस्कवरी पुस्तकालय
कॉपीराइट सूचना नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी
लेख सम्पादक सावित्री जायसवाल

फ्रेडरिक एडवर्ड क्लेंमेंट्स (1874-1975 ई.) अमरीकन वनस्पति वैज्ञानिक। इनका जन्म संयुक्त राज्य, अमरीका, के लिंकन नगर में हुआ था। नेब्रास्का विश्वविद्यालय से सन्‌ 1898 में आपने डाक्टर ऑव फ़िलॉसफ़ी की उपाधि प्राप्त की तथा सन्‌ 1894 से सन्‌ 1906 तक इसी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर और सन्‌ 1906-1907 में पादप कायिकी (Plant Physiology) के प्रोफेसर रहे। सन्‌ 1097-1917 तक मिनेसोटा विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर तथा अध्यक्ष पद पर आपने काम किया। सन्‌ 1917 में ये वाशिंगटन के कारनेगी इंस्टिट्यूशन के सहकारी बनाए गए और पारिस्थितिकी (Ecology) में अनुसंधान का कार्य आपको सौंपा गया।

इन्होंने पारिस्थितिकी, पुरापारिस्थितिकी, प्रायोगिक विकास तथा जलवायु विज्ञान में विस्तृत अन्वेषण किए। उत्तरी अमरीका में पारिस्थितिकी के अध्ययन के विकास मेें इनका प्रमुख हाथ रहा है और वनस्पतियों के विकासक्रम (Succession of Vegetation) संबंधी अनुसंधान के लिए आप विख्यात थे।

इन्होंने उद्भिद्-भूवृत्त (Phyto-geogrohy), कायिका तथा पारिस्थितिकी पर अनेक लेख लिखे हैं और विश्व के विविध क्षेत्रों में किए गए अपने अनुसंधानों के फलों को आपने ‘पादप विकासक्रम’ विषयक अपनी पुस्तक में क्रमबद्ध किया है।

‘पादप कायिकी’ तथा पारिस्थितिकी और ‘पादप पारिस्थितिकी’ में अन्वेषण की रीतियाँ विषयक आपकी दो पुस्तकें पारिस्थितिकी के अध्ययन में बहुत सहायक हुई हैं।


टीका टिप्पणी और संदर्भ