गंजीफा

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ
लेख सूचना
गंजीफा
पुस्तक नाम हिन्दी विश्वकोश खण्ड 3
पृष्ठ संख्या 345
भाषा हिन्दी देवनागरी
संपादक सुधाकर पांडेय
प्रकाशक नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी
मुद्रक नागरी मुद्रण वाराणसी
संस्करण सन्‌ 1976 ईसवी
उपलब्ध भारतडिस्कवरी पुस्तकालय
कॉपीराइट सूचना नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी
लेख सम्पादक परमेश्वरीलाल गुप्त

गंजीफा ताश के ढंग का एक प्राचीन भारतीय खेल। इसका वर्णन बाबरनामा, काबू-ने-इस्लाम, आइने-अकबरी, गिरधर कृत गंजीफा खेलन, श्रीतत्वनिधि आदि ग्रंथों में मिलता है। इसमें 96 पत्ते होते हैं जो चंग, बरात, किमाश, शमशेर, आदि आठ वर्गो में बँटे होते हैं। श्रीतत्वनिधि में गंजीफा के 13 रूपों का वर्णन है। गंजीफा एक रूप में वर्ग विभाजन राशि अथवा दशावतार के रूप में विभाजित पाया जाता है। इसमें 120 पत्ते होते हैं जो 12 पत्तों के दस वर्ग में विभाजित होते हैं। ये पत्ते मत्स्य, कच्छ, वराह, नृसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध (अथवा कलंकी), राजा, वजीर और इक्का कहे जाते हैं। तीन खिलाड़ियों के बीच पत्ते बाँटे जाते हैं। जिसके हाथ में राम राजा के रूप में आते हैं वह खेल आरंभ करता है और राम वर्ग का एक हलका पत्ता फेंकता है। शेष दो खिलाड़ी भी हलके पत्ते फेंकते हैं। इस प्रकार तीनों पत्तों को मिलाकर गणना की जाती है। इसी तरह विविध प्रकार से पत्ते मिलाने का प्रयास होता है। जिसके पास पत्ते अधिक हो जाते हैं वह विजयी समझा जाता है।

यह खेल संप्रति इस देश में मृतप्राय है। इस कारण पुस्तकों में वर्णित इस खेल की प्रणाली बोधगमय नहीं रही। उसके समझने का अन्य कोई साधन नहीं हैं।


टीका टिप्पणी और संदर्भ