अष्टमूर्ति

अद्‌भुत भारत की खोज
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ
चित्र:Tranfer-icon.png यह लेख परिष्कृत रूप में भारतकोश पर बनाया जा चुका है। भारतकोश पर देखने के लिए यहाँ क्लिक करें
लेख सूचना
अष्टमूर्ति
पुस्तक नाम हिन्दी विश्वकोश खण्ड 1
पृष्ठ संख्या 296
भाषा हिन्दी देवनागरी
संपादक सुधाकर पाण्डेय
प्रकाशक नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी
मुद्रक नागरी मुद्रण वाराणसी
संस्करण सन्‌ 1964 ईसवी
उपलब्ध भारतडिस्कवरी पुस्तकालय
कॉपीराइट सूचना नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी
लेख सम्पादक डा० रामचंद्र पांडेय


अष्टमूर्ति शिव का नाम। भविष्यपुराण में शिव की आठ मूर्तियाँ बतलाई गई हैं: पृथ्वी, जल, तेज, वायु, आकाश, यजमान, सोम और सूर्य। कालिदास ने अभिज्ञानशाकुंतल के नांदीश्लोक में इनका उल्लेख किया है। शैव सिद्धांत में पंच महातत्वों के बने महासाकार पिंड से शिव की निम्नलिखित आठ मूतियों की उत्पति मानी गई है: शिव, भैरव, श्रीकंठ, सदाशिव, ईश्वर, रुद्र, विष्णु, ब्रह्मा।

उपनिषदों के अनुसार निराकर ब्रह्म ही जड़चेतनात्मक प्रपंच में साकार होकर प्रतिभासित रहता है। विराट् ब्रह्मंड को पंचतत्व, काल के प्रतीक सूर्य चंद्र तथा आत्मा के यजमान के रूप में विभाजित किया गया है। गीता में यजमान, सोम और सूर्य के स्थान पर मन, बुद्धि, अहंकार की गणना हुई है। इस गणनामें कालतत्व का समावेश नहीं होता। अत: काल के प्रतीक सूर्य चंद्र का ग्रहण करना आवश्यक हो गया। मन, बुद्धि, अहंकार ये जीव के धर्म हैं अत: जीव के प्रतीक यजमान में इनका अंतर्भाव हो जाता है। इन तत्वों के अतिरिक्त ब्रह्मंड कुछ भी नहीं है और ब्रह्मांड का ब्रह्म से अभेद है, इसलिए शैवों ने निराकार शिव को इन आठ तत्वों की मूर्ति धारण करनेवाला माना है।[१]


टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. सं० ग्रं - गीता 7.4; अभिज्ञानशाकुंतलम 1.1; सिद्ध-सिद्धातं-ग्रह मुंड्कोपनिषद्‌2.1।